Breaking News

अयोध्या में तूफान का कहर, बिजली व्यवस्था ठप; 50 हजार लोग रातभर अंधेरे में

 

Ayodhya में आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक तूफान का व्यापक असर देखने को मिला, जहां तेज हवाओं और बारिश के कारण सैकड़ों बिजली के खंभे टूट गए और कई ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर गिर गए।

तूफान के चलते जिले की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिससे करीब 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। बिजली विभाग की टीमें देर रात तक आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं, लेकिन नुकसान ज्यादा होने के कारण कई इलाकों में सप्लाई बहाल नहीं हो सकी।

कुमारगंज से गोकुला मार्ग पर एक बड़ा ट्रांसफार्मर सड़क पर गिरने से आवागमन भी बाधित हो गया। ट्रांसफार्मर के हिस्से सड़क पर फैल गए, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं पूराकलंदर क्षेत्र के शिवदासपुर गांव में आस्था का केंद्र माने जाने वाला खभीर बाबा का विशाल पीपल का पेड़ भी तेज हवाओं में धराशायी हो गया।

तूफान के कारण कई प्रमुख सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। मिल्कीपुर-अमानीगंज मार्ग कई घंटों तक जाम रहा। प्रशासन और स्थानीय टीमें रातभर रास्ता साफ करने में जुटी रहीं, लेकिन कई स्थानों पर सुबह तक भी पूरी तरह बहाली नहीं हो सकी, जिससे लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।

गुरुवार सुबह होते ही बिजली विभाग ने मरम्मत कार्य फिर से शुरू कर दिया। प्राथमिकता के आधार पर टूटे खंभों और खराब ट्रांसफार्मरों को ठीक कर आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है। विभाग के अनुसार, व्यापक नुकसान के चलते पूरी तरह से व्यवस्था सामान्य होने में समय लग सकता है।

इस बीच मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं व हल्की बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

About Zaman-Admin

Check Also

बदायूं की गौशालाओं में गोवंशों की मौत से मचा हड़कंप, अभिगांव में 20 की गई जान; NGO पर कार्रवाई की तैयारी

  बदायूं: जिले की कई गौशालाओं में गोवंशों की मौत की खबर सामने आने के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *