Breaking News

मॉस्को में बड़े ड्रोन अटैक के दौरान भारतीय नागरिक की जान गई, तीन अन्य घायल

 

रूस की राजधानी मॉस्को पर हुए बड़े ड्रोन हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य भारतीय घायल बताए जा रहे हैं। यह हमला रविवार देर रात हुआ, जिसके बाद भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए गहरा दुख जताया है।

रूस में मौजूद भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि हमले के बाद दूतावास के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायल भारतीयों से मुलाकात की। दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

रूसी अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन की ओर से किए गए इस बड़े ड्रोन हमले में कुल तीन लोगों की मौत हुई है और 12 अन्य घायल हुए हैं। मॉस्को प्रशासन का दावा है कि रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने बड़ी संख्या में ड्रोन्स को हवा में ही नष्ट कर दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, मॉस्को की तरफ बढ़ रहे 80 से ज्यादा ड्रोन्स को मार गिराया गया, जबकि पिछले 24 घंटों में सैकड़ों ड्रोन हमलों को विफल किया गया। रूसी अधिकारियों ने इसे पिछले एक साल के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया है।

हमले के दौरान कुछ रिहायशी इलाकों को नुकसान पहुंचा, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि महत्वपूर्ण ऊर्जा और औद्योगिक ढांचे सुरक्षित हैं। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों में लगातार ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

इस घटना के बाद रूस-यूक्रेन तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है, जबकि विदेशी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता गहरा गई है।

About Zaman-Admin

Check Also

नेपाल में बाढ़ का कहर: किसी की आंखों के सामने बह गया परिवार, किसी ने पेड़ पकड़कर बचाई जान

  काठमांडू: 26 अगस्त को नेपाल और चीन की सीमा से लगे हिमालयी इलाके में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *