Breaking News

Gonda News: GNM में ललिता का शानदार प्रदर्शन, टॉप-3 में जगह बनाने पर अखिलेश यादव ने किया सम्मानित

 

गोंडा: जिले की बेटी ललिता मौर्य ने GNM परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे उत्तर प्रदेश के शीर्ष तीन विद्यार्थियों में जगह बनाई है। उनकी इस उपलब्धि पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें सम्मानित किया। लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने ललिता को एप्पल का टैबलेट और 11 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की।

ललिता मौर्य गोंडा के वजीरगंज क्षेत्र की रहने वाली हैं और एक सामान्य किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता रामतीरथ मौर्य खेती-किसानी करते हैं, जबकि उनकी मां कलावती गृहिणी हैं। परिवार की सीमित आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद ललिता ने पढ़ाई के प्रति अपना जुनून बनाए रखा और लगातार मेहनत करते हुए यह मुकाम हासिल किया।

बचपन से ही पढ़ाई में रही हैं आगे

ललिता ने अपनी शुरुआती शिक्षा वजीरगंज क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बाबा मठिया से हासिल की। स्कूल के शिक्षक सुनील कुमार आनंद ने उनकी पढ़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पढ़ाई के दौरान ही ललिता ने अपनी प्रतिभा का परिचय देना शुरू कर दिया था।

कक्षा सात में रहते हुए उन्होंने यूनिसेफ की ओर से आयोजित ‘मेरी उड़ान’ प्रतियोगिता में प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया था। उनकी इस उपलब्धि के बाद तत्कालीन महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरण आनंद ने भी उन्हें सम्मानित किया था।

हाईस्कूल और इंटर के बाद भी नहीं छोड़ी पढ़ाई

प्राथमिक शिक्षा पूरी करने के बाद ललिता ने महात्मा बुद्ध विद्यालय करनीपुर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने नियमित संस्थान में पढ़ाई करने के बजाय स्वाध्याय के माध्यम से अपनी शिक्षा आगे बढ़ाई।

लगातार आत्म-अध्ययन, मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर उन्होंने GNM परीक्षा की तैयारी की। नतीजा आया तो ललिता ने प्रदेश के टॉप-3 विद्यार्थियों में स्थान हासिल कर अपने परिवार के साथ-साथ गोंडा का भी नाम रोशन कर दिया।

शिक्षक ने घर पहुंचकर दी बधाई

ललिता की सफलता की जानकारी मिलने के बाद उनके पूर्व शिक्षक सुनील कुमार आनंद भी उनके घर पहुंचे। उन्होंने ललिता को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

परिवार में भी बेटी की इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है। मां कलावती ने कहा कि ललिता की सफलता से परिवार और गांव के लोगों को गर्व महसूस हो रहा है। उनके भाई लाल चंद मौर्य और राजकुमार मौर्य सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी।

ललिता की उपलब्धि पर एसआरजी विनीता कुशवाहा ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों से निकलकर प्रदेश स्तर पर पहचान बनाने वाली ललिता की कहानी क्षेत्र के दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

About Zaman-Admin

Check Also

बदायूं की गौशालाओं में गोवंशों की मौत से मचा हड़कंप, अभिगांव में 20 की गई जान; NGO पर कार्रवाई की तैयारी

  बदायूं: जिले की कई गौशालाओं में गोवंशों की मौत की खबर सामने आने के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *