Breaking News

पहले दिन ही लेट पुष्पक एक्सप्रेस, स्टेशन बदलाव के चलते मुंबई तक सफर लंबा और यात्रियों के लिए कठिन

 

लखनऊ–मुंबई रूट की चर्चित पुष्पक एक्सप्रेस के स्टेशन बदले जाने का असर पहले ही दिन नजर आने लगा। करीब 38 साल बाद लखनऊ जंक्शन की जगह गोमती नगर रेलवे स्टेशन से शुरू हुई यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग एक घंटे की देरी से पहुंची। देर रात ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को ठंड में प्लेटफॉर्म पर खड़ा रहना पड़ा, जिससे नाराजगी भी देखने को मिली।

गोमती नगर से नई शुरुआत

नए शेड्यूल के तहत पुष्पक एक्सप्रेस अब प्रतिदिन रात 8:45 बजे गोमती नगर स्टेशन से रवाना हो रही है। स्टेशन बदलने के कारण मुंबई की दूरी 13 किलोमीटर बढ़कर 1441 किलोमीटर हो गई है। हालांकि रेलवे ने स्पष्ट किया है कि दूरी बढ़ने के बावजूद किराए में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।

यात्रियों की राय बंटी

स्टेशन बदले जाने को लेकर यात्रियों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रहीं। गोमती नगर और आसपास के इलाकों के यात्रियों ने इस फैसले को राहत भरा बताया, जबकि पुरानी लखनऊ और चारबाग क्षेत्र के लोगों ने इसे अपनी मुश्किलें बढ़ाने वाला कदम कहा।

गोमती नगर के यात्रियों को राहत

गोमती नगर निवासी हरि ओम ने बताया कि पहले लखनऊ जंक्शन पहुंचने में काफी समय लग जाता था और ट्रैफिक जाम भी झेलना पड़ता था। अब ट्रेन पास के स्टेशन से मिलने से यात्रा आसान हो गई है।
वहीं राजेश कुमार कनौजिया ने कहा कि हजरतगंज और चारबाग के ट्रैफिक से छुटकारा मिल गया है। दूरी बढ़ने के बावजूद किराया न बढ़ना यात्रियों के लिए राहत की बात है।

आसपास के जिलों से आने वालों को फायदा

अयोध्या से आए यात्री मोहम्मद वसीम का कहना है कि गोमती नगर से ट्रेन चलने से अंदरूनी शहर के ट्रैफिक से बचाव हो गया है। स्टेशन की बेहतर सुविधाओं और नए स्वरूप को भी उन्होंने सराहा।

पुरानी लखनऊ वालों की बढ़ी मुश्किल

वहीं सरफराजगंज निवासी ताहिर ने कहा कि पहले चारबाग से ट्रेन मिल जाती थी, जिससे समय की बचत होती थी। अब गोमती नगर पहुंचने के लिए कम से कम एक घंटा पहले निकलना पड़ता है। किराया भले न बढ़ा हो, लेकिन दूरी जरूर बढ़ गई है।

प्रचार की कमी से बढ़ी दिक्कत

कुछ यात्रियों ने स्टेशन बदलने की जानकारी सही तरीके से न पहुंचने की शिकायत भी की। फिरोज नाम के एक यात्री ने बताया कि पहले लखनऊ जंक्शन पहुंचना आसान था, लेकिन अब गोमती नगर आने में ज्यादा समय लग रहा है। अचानक हुए बदलाव से पहले दिन कई यात्री असमंजस में नजर आए।

About Zaman-Admin

Check Also

सहारनपुर में PNB ग्राहक से 95 हजार की साइबर ठगी, बिना मंजूरी खाते से निकाली रकम

  सहारनपुर: नकुड़ क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एक ग्राहक के बैंक खाते …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *