बीते दिनों हुए हंगामे के बाद एसडीएम टीम के साथ मौके पर पहुंची थी और मामले की जांच शुरू की थी।
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) अब अलीगढ़ में अपनी जमीनों पर अधिसूचना के बोर्ड लगवाएगा। जिससे कि यीडा की जमीनों पर कब्जा होने से रोका जा सके और आमजनों को भी ठगी से बचाया जा सके।
.
जमीन खरीदने के लिए आने वाले आमजन इन बोर्डों को देखकर जमीन संबंधी सारी जानकारी आसानी से ले सकेंगे। अलीगढ़ में बिल्डरों का फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद यीडा ने यह निर्णय लिया है। इसमें अलीगढ़ के साथ ही नोएडा, आगरा, मथुरा और उन सभी जगहों पर बोर्ड लगाया जाएगा, जहां पर यीडा की जमीन है।
यीडा के पास हैं अलीगढ़ के 90 गांव
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की जद में अलीगढ़ के खैर और टप्पल क्षेत्र के 90 गांव अधिसूचित हैं। लेकिन यीडा की इस जमीन पर बिल्डरों ने अवैध रूप से कब्जा करके कालोनियां काट दी। इतना ही नहीं इसकी रजिस्ट्री भी आमजन को करा दी।
मामले का खुलासा होने के बाद यीडा के अधिकारियों ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर सारे मामले की जानकारी दी थी। जिसके बाद डीएम विशाख जी. के निर्देश पर एसडीएम महिमा राजपूत मौके पर पहुंची थी और अवैध बिल्डरों के खिलाफ अभियान चलाया था। अब जिला प्रशासन लगातार इस मामले की जांच में जुटा हुआ है।
बिल्डरों ने काट दी 200 अवैध कालोनी
अलीगढ़ के भूमाफिया बिल्डरों ने न सिर्फ यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की जमीन पर कब्जा किया, बल्कि ग्राम समाज की जमीनों को भी नहीं छोड़ा। आरोपियों ने सरकारी जमीनों पर कब्जा करके 200 से ज्यादा कालोनियां काट दी और लाखों करोड़ों का मुनाफा कमाया।
यीडा के अधिकारियों द्वारा जिला प्रशासन को दी गई शिकायत में 200 अवैध कालोनियों का जिक्र किया गया है, जिसे भूमाफिया बिल्डरों के जरिए काटा गया है। जबकि इस क्षेत्र में केंद्र सरकार के लॉजिस्टिक हब को बनाया जाना है और उसके लिए भूमि अधिग्रहित की जानी थी। राजस्व विभाग और अधिकारियों की टीम अब लगातार मामले की जांच कर रही है।
अवैध प्लाटिंग करने वालों पर होगा मुकदमा
एसडीएम खैर महिमा राजपूत ने बताया कि खैर और टप्पल क्षेत्र में जमीनों का सर्वे कराया जा रहा है। राजस्व विभाग की टीम सारी रिपोर्ट तैयार कर रही है। एसडीएम ने बताया कि अवैध कालोनी काटने और प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
Source Agency News
Zaman Times