छात्रों को दी गई जानकारी।
सिद्धार्थनगर में साइबर जागरुकता को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। थाना खेसरहा पुलिस ने उमा टेक्निकल डिग्री कॉलेज, बेलौहा में “डिजिटल वॉरियर्स कार्यशाला” का आयोजन किया। जिसमें छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई।
सोशल मीडिया अकाउंट्स के बारे में बताया गया
पुलिस मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर एसपी डॉ. अभिषेक महाजन के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यशाला में विशेष रूप से फेक न्यूज की पहचान, सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया गया। छात्रों को साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर-1930 की जानकारी दी गई। उन्हें गृह मंत्रालय द्वारा संचालित ‘Cyber Dost’ के सोशल मीडिया अकाउंट्स के बारे में बताया गया।
कार्यशाला में उपनिरीक्षक अख्तर और उनकी टीम ने छात्रों को डिजिटल वॉरियर्स के कर्तव्यों से अवगत कराया। इनमें अफवाहों को रोकना, बिना जांच-पड़ताल के सूचनाओं को शेयर न करना और पुलिस के सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करना शामिल है। कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल अष्टवर्ती वीर बहादुर यादव और महिला कांस्टेबल अंजली पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
Source Agency News
Zaman Times