Breaking News

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, डंपर से टकराकर बस में लगी आग

 

Firozabad के मटसेना थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक लग्जरी बस आगे चल रहे बालू से लदे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में शॉर्ट सर्किट हो गया और कुछ ही मिनटों में उसमें भीषण आग लग गई।

हादसे में बस चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं करीब 36 यात्री झुलस गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार बस में करीब चार दर्जन यात्री सवार थे। हादसा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 43.300 के पास हुआ, जहां बताया जा रहा है कि आगे चल रहा डंपर अचानक डिवाइडर से टकरा गया। पीछे आ रही बस अनियंत्रित होकर डंपर से भिड़ गई और टक्कर के तुरंत बाद उसमें आग लग गई।

यात्रियों में मची चीख-पुकार

बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने जान बचाने के लिए जलती बस से छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा कर्मी, एंबुलेंस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की।

डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू

दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। इस दौरान बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घायल यात्रियों को तुरंत फतेहाबाद और शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचाया गया।

शिकोहाबाद अस्पताल में 15 घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिनमें से 14 को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। एक घायल युवती का इलाज फिलहाल शिकोहाबाद में चल रहा है।

कई जिलों के यात्री घायल

हादसे में कानपुर, औरैया, जालौन, उन्नाव, फतेहाबाद और हरियाणा के गुरुग्राम समेत कई जिलों के यात्री घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

 

About Zaman-Admin

Check Also

सहारनपुर में PNB ग्राहक से 95 हजार की साइबर ठगी, बिना मंजूरी खाते से निकाली रकम

  सहारनपुर: नकुड़ क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एक ग्राहक के बैंक खाते …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *