उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर युवाओं की स्टंटबाजी से जहां एक ओर सड़क सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है, वहीं दूसरी ओर ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। हाल ही में नवाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर दो युवकों द्वारा की गई खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
वायरल वीडियो में दो युवक बिना हेलमेट के प्लेटिना बाइक (यूपी 35 एक्स 5604) पर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक युवक बाइक चलाते समय दोनों हाथ हवा में छोड़ देता है, जबकि दूसरा युवक बाइक पर पैर ऊपर कर बैठा हुआ दिखता है। इस तरह की लापरवाह हरकतें न केवल उनकी अपनी जान के लिए खतरा हैं, बल्कि हाईवे पर चल रहे अन्य यात्रियों के लिए भी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं।
वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया। सीओ ट्रैफिक संजय मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कर स्टंट करने वालों की पहचान कर ली गई है। प्लेटिना बाइक का नंबर ट्रेस कर संबंधित युवकों तक पहुंचा गया। उन्होंने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बाइक मालिक पर कुल 21 हजार रुपये का चालान किया गया है।
चालान में हेलमेट न पहनना, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन, खतरनाक ड्राइविंग और सार्वजनिक स्थान पर जानलेवा स्टंट करना जैसे कई गंभीर धाराएं शामिल की गई हैं। इसके साथ ही भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत न हो इसके लिए चेतावनी भी दी गई है।
सीओ ट्रैफिक ने स्पष्ट किया कि सड़क पर स्टंटबाजी की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस निगरानी बढ़ा रही है और सीसीटीवी कैमरों के अलावा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी नियमित निगरानी की जा रही है।
पुलिस विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करें और उन्हें ऐसी खतरनाक हरकतों से रोकें, जिससे किसी की जान खतरे में न पड़े।
Zaman Times