Breaking News

आई-पैक मामले में जांच का दायरा बढ़ा, ईडी ने परिजनों को भेजा समन

 

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजनीतिक परामर्शदाता कंपनी आई-पैक से जुड़े कथित धन शोधन मामले में अपनी जांच को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में एजेंसी ने आई-पैक के सह-संस्थापक प्रतीक जैन के परिवार के दो सदस्यों को पूछताछ के लिए तलब किया है।

सूत्रों के अनुसार, ईडी ने प्रतीक जैन की पत्नी बार्बी जैन और उनके भाई पुलकित जैन को नोटिस जारी कर दिल्ली स्थित मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा है। दोनों से कथित हवाला लेनदेन और उससे जुड़े वित्तीय मामलों को लेकर पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसी इन दोनों के कारोबारी संबंधों की भी पड़ताल कर रही है।

यह पूछताछ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की जाएगी। हालांकि, ईडी की ओर से इस मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

गौरतलब है कि आई-पैक पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सहित कई राजनीतिक दलों को परामर्श सेवाएं देती रही है, जिसके चलते यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है।

इससे पहले ईडी ने इसी मामले में आई-पैक के एक अन्य सह-संस्थापक विनेश चंदेल को गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी का संबंध पश्चिम बंगाल के कथित कोयला घोटाले से जुड़े मामलों से बताया जा रहा है।

जांच एजेंसी ने प्रतीक जैन को भी पहले पूछताछ के लिए समन भेजा था। इसके अलावा, दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज एक एफआईआर के आधार पर ईडी ने 28 मार्च को इस मामले में औपचारिक जांच शुरू की थी।

प्रतीक जैन ने ईडी के समन को चुनौती देते हुए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है। इससे पहले जनवरी में ईडी ने उनके आवास और कोलकाता स्थित आई-पैक के कार्यालय पर छापेमारी की थी।

फिलहाल ईडी पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आने वाले समय में इस प्रकरण में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

About Zaman-Admin

Check Also

दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर सरकार सख्त, PUC से हॉटस्पॉट तक बढ़ेगी निगरानी

  Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए केंद्र और स्थानीय एजेंसियां …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *