Breaking News

PM मोदी से मुलाकात के बीच अनवर इब्राहिम ने गाया बॉलीवुड गाना, वीडियो वायरल

 

नई दिल्ली। भारत दौरे पर आए मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे मलेशियाई प्रधानमंत्री ने एक कार्यक्रम के दौरान बॉलीवुड के पुराने लोकप्रिय गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ की कुछ पंक्तियां हिंदी में गाकर सभी को चौंका दिया।

अनवर इब्राहिम ने पियानो की धुन के साथ इस मशहूर गीत को गाया। खास बात यह रही कि उन्होंने हिंदी शब्दों का उच्चारण काफी सहज तरीके से किया। बाद में उन्होंने इस पल का वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया।

वीडियो शेयर करते हुए मलेशियाई प्रधानमंत्री ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि उनके ‘गुरुजी’ थोड़ी देर गाने की इजाजत मांग रहे हैं।

पीएम मोदी से भी हुई मुलाकात

भारत पहुंचने के बाद मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें भारत और मलेशिया के बीच संबंधों को और मजबूत करने से जुड़े कई मुद्दों पर बातचीत हुई।

बैठक की शुरुआत के दौरान अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री मलेशिया में काफी लोकप्रिय हैं।

अनवर इब्राहिम ने पीएम मोदी से हाथ मिलाने के बाद कहा कि उन्हें नरेंद्र मोदी तक अपनी बात पहुंचाने के लिए कई संदेश मिले हैं। उनके इस अंदाज ने दोनों नेताओं की मुलाकात को खास बना दिया।

भारत-मलेशिया संबंधों को मजबूत करने पर जोर

द्विपक्षीय बैठक के बाद मलेशियाई प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात को लेकर पोस्ट भी साझा की।

उन्होंने बताया कि हैदराबाद हाउस में उन्होंने अपने मित्र और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने भारत पहुंचने के बाद मलेशियाई प्रतिनिधिमंडल के स्वागत और उसे मिली मेहमाननवाजी के लिए भी आभार व्यक्त किया।

अनवर इब्राहिम ने कहा कि दोनों देश भारत और मलेशिया के बीच पहले से मौजूद मजबूत रिश्तों को आगे बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों में बनी सकारात्मक गति को जारी रखने पर सहमत हैं।

उन्होंने दोनों देशों के लोगों के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी जताई।

बॉलीवुड गीत से जुड़ा खास अंदाज

मलेशियाई प्रधानमंत्री का बॉलीवुड गीत गाने वाला अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। भारत और मलेशिया के बीच राजनीतिक एवं आर्थिक संबंधों के साथ-साथ दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव भी लंबे समय से रहा है।

ऐसे में अनवर इब्राहिम का हिंदी फिल्म के लोकप्रिय पुराने गीत को गाना भारत के प्रति उनकी दिलचस्पी और सांस्कृतिक जुड़ाव का एक अलग अंदाज माना जा रहा है।

About Zaman-Admin

Check Also

सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ से पहले पीएम मोदी ने आतंकवाद पर दिया बड़ा संदेश

  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 27 सितंबर 2026 को प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *