Breaking News

5100 दीपों की रोशनी से झिलमिला उठा पांचाल घाट, जूना अखाड़ा के महंत ने माघी पूर्णिमा पर किया दीपदान

 

माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार देर शाम फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर भव्य दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जूना अखाड़ा के महंत सत्य गिरी महाराज के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने गंगा में 5100 दीप प्रवाहित किए, जिससे पूरा घाट दिव्य रोशनी से आलोकित हो उठा।

पांचाल घाट पर 3 जनवरी से श्री राम नगरिया मेला चल रहा है, जहां हजारों की संख्या में संत और श्रद्धालु कल्पवास कर रहे हैं। माघी पूर्णिमा के दिन गंगा तट पर सुबह से ही धार्मिक गतिविधियों का दौर जारी रहा और विभिन्न अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।

भागवत कथा के समापन के बाद हुआ दीपदान

रविवार को जूना अखाड़े में आयोजित भागवत कथा का समापन हुआ। इसके बाद देर शाम दीपदान कार्यक्रम की तैयारियां शुरू की गईं। रात करीब 8 बजे महंत सत्य गिरी महाराज के साथ श्रद्धालु तीन नावों के जरिए गंगा की मुख्य धारा में पहुंचे। वहां विधि-विधान से गंगा पूजन किया गया।

5100 दीपों से गंगा की धारा हुई आलोकित

पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने एक-एक कर 5100 दीप गंगा में प्रवाहित किए। यह सिलसिला करीब 45 मिनट तक चला। गंगा की धारा में तैरते दीपों की रोशनी से पूरा क्षेत्र झिलमिला उठा और घाट पर मौजूद श्रद्धालु ‘गंगा मैया’ के जयघोष करते रहे।

अलौकिक दृश्य बना आकर्षण का केंद्र

पेटून पुल से गुजर रहे लोगों ने इस अद्भुत नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। चारों ओर भक्तिमय माहौल बना रहा और घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।

जूना अखाड़ा के महंत सत्य गिरी महाराज ने बताया कि माघी पूर्णिमा पर दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व होता है। इस अवसर पर प्रदीप, विवेक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

About Zaman-Admin

Check Also

सहारनपुर में PNB ग्राहक से 95 हजार की साइबर ठगी, बिना मंजूरी खाते से निकाली रकम

  सहारनपुर: नकुड़ क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एक ग्राहक के बैंक खाते …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *