देशभर में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यूपी में कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। बिहार के कई हिस्सों में भी आज से बारिश के आसार हैं। पंजाब में बाढ़ से अब तक 51 मौतें हो चुकी हैं और 3.87 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश के कारण हालात खराब बने हुए हैं और कई सड़कें बंद हैं।
दिल्ली-एनसीआर में भी मंगलवार को बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 सितंबर को कई जगहों पर बारिश जारी रह सकती है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
यूपी के पूर्वी और तराई क्षेत्रों के कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर समेत 22 जिलों में गरज चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। सोनभद्र, चंदौली और वाराणसी में वज्रपात की आशंका जताई गई है। मानसूनी ट्रफ रेखा 11 सितंबर से उत्तर की ओर खिसकने के साथ तराई में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
बिहार में पटना, समस्तीपुर और आसपास के जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है और 15 सितंबर तक यह जारी रह सकती है।
पंजाब में बाढ़ से 4.34 लाख एकड़ फसल प्रभावित हुई है, जिससे बासमती चावल के एक्सपोर्ट पर असर पड़ने की आशंका है। अब तक 23,000 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में तेज बारिश की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में गर्जन और बिजली चमकने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश में चंबा-भरमौर और कुल्लू-मनाली हाईवे बहाल हो रहे हैं, लेकिन शिमला में खराब मौसम के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित रही हैं। 14 सितंबर तक पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश का अनुमान है।
Zaman Times