कालीबाड़ी मंदिर में सजाया गया भव्य दुर्गा पूजा पंडाल।
कानपुर के चकेरी में स्थापित कालीबाड़ी मंदिर में होने वाली दुर्गा पूजा शहर की सबसे प्राचीन है। मंदिर में दुर्गा पूजा की तैयारियां तेजी पर है। कोलकाता के 10 मूर्तिकारों ने महिसासुर मर्दनी की 12 फीट ऊंची प्रतिमा तैयार की है।
.
45 दिनों में तैयार हो पाई प्रतिमा खास बात यह है कि मूर्ति में लगने वाली मिट्टी पश्चिम बंगाल के 21 तालाबों से मंगाई गई है। साथ ही गंगा की चिकनी मिट्टी का भी इसमें प्रयोग किया गया है। मूर्ति की 1.25 लाख लागत से करीब 45 दिनों में तैयार की गई है। मां दुर्गा को पहनाने वाले वस्त्र व आभूषण भी कोलकाता से विशेष कारीगरों ने तैयार किए है।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मूर्ति में प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा है। दुर्गा पूजा का पंडाल नारी शक्ति की थीम पर तैयार किया जा रहा है।
1964 में स्थापित हुआ था मंदिर श्री श्री चकेरी कालीबाड़ी मंदिर के संयुक्त सचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने बताया कि मंदिर की स्थापना सन् 1964 में हुई थी। कालीबाड़ी मंदिर पश्चिम बंगाल की दक्षिणेश्वर काली माता मंदिर की तर्ज पर बना हुआ है।
बताया जाता है कि मंदिर में स्थापित काली मां की प्रतिमा का तेज दिन के प्रत्येक प्रहर के साथ बदलता रहता है। मंदिर में काली माता की प्रतिमा के साथ ही शनि व शिव मंदिर भी स्थापित है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष 60वीं दुर्गा पूजन की मंदिर में तैयारियां चल रही है।
बोधन मंत्रोचारण कर होगी प्राण प्रतिष्ठा दीपांकर ने बताया कि प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा तीन पुरोहित कराएंगे, जिनमें दो पुरोहित कोलकाता से शहर आ रहे है। बोधन मंत्रोचारण कर प्राण प्रतिष्ठा होगी, सप्तमी को नवपत्रिका स्नान होगा। अष्टमी व नवमी के मध्य के समय में संधि पूजा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समय का विशेष महत्व होता है।
पंडाल में मां को 21 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। जिसमें मालपुआ, खीर, संदेश, कलाकंद, रसगुल्ला, पुलाव, खिचड़ी, फ्राइ सब्जियां, पीठा समेत अन्य प्रकार के व्यंजन शामिल है।
आरजी मेडिकल कॉलेज कांड पर 2 घंटे का होगा डांस ड्रामा दुर्गा पूजा में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे जिसमें 9 अक्टूबर को बंगाली नाट्यकार मनोज मित्रा के नाटक चेनाराम, बेचाराम का भी मंचन किया जाएगा। 10 अक्टूबर को बंग संस्कृति सम्मेलन द्वारा नृत्य व गायन का आयोजन होगा।
11 अक्टूबर को कोलकाता में आरजी मेडिकल कॉलेज कांड पर दुर्गा पूजा पंडाल में 11 अक्टूबर को 2 घंटे का डांस ड्रामा का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें 20 से 25 लोग भाग लेंगे। इसके साथ ही धुनुची नृत्य का भी आयोजन होगा।
मंदिर समिति ने ढांक बजाने के दो कलाकार कोलकाता से बुलवाए है। कार्यक्रम में बाउल संगीत का आयोजन भी होगा। मूर्ति का विसर्जन 13 अक्टूबर को मैस्कर घाट में किया जाएगा।
दर्पण विसर्जन कर खेला जाएगा सिंदूर दशमी को विसर्जन से पहले पंडाल में दर्पण विसर्जन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें साफ थाली में दर्पण को रख, उसमें मां का चेहरा निहारा जाता है।
मान्यता है कि इस तरह से मां का चेहरा देखने से पूरे साल अच्छे संदेश के साथ सारी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। दर्पण विसर्जन के बाद सिंदूर खेला होता है।
Source Agency News
Zaman Times