सहारनपुर में शेयर मार्केट में निवेश पर हर महीने 5.5 प्रतिशत मुनाफा दिलाने का लालच देकर 27 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश के बाद कुतुबशेर थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता दीपक कुमार का आरोप है कि उसके परिचित के माध्यम से उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजार का कारोबारी बताते हुए निवेश पर आकर्षक रिटर्न का भरोसा दिया। विश्वास में लेकर उसने 27 लाख रुपये नकद निवेश कराए। इसके बदले स्टांप पेपर पर एक लिखित एग्रीमेंट और चार पोस्ट-डेटेड चेक दिए गए। शिकायतकर्ता का दावा है कि एग्रीमेंट से जुड़े फोटो और वीडियो भी उसके पास मौजूद हैं।
आरोप है कि निवेश के बाद न तो तय मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस की गई। लंबे समय तक टालमटोल के बाद आरोपियों ने पैसा लौटाने का आश्वासन दिया और मिलने का समय तय किया।
पीड़ित के अनुसार, तय स्थान पर पहुंचने पर आरोपियों ने कथित रूप से हथियार दिखाकर धमकाया और मूल एग्रीमेंट अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि स्थानीय पुलिस से शिकायत करने के बावजूद मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसने अदालत का रुख किया। विशेष न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नोट: मामले में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता के हैं। पुलिस जांच जारी है और आरोपियों का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
Zaman Times