अयोध्या में कड़ाके की ठंड के बीच आज सुबह धूप निकली, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। हालांकि, न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मौसम विभाग ने अभी शीतलहर जारी रहने का अनुमान जताया है।
सुबह 7 बजे ही सूर्य देव के दर्शन होने से लोग प्रसन्न दिखे। पिछले शुक्रवार को जहां घना कोहरा छाया हुआ था और हाईवे पर वाहन धीमी गति से चल रहे थे, वहीं आज मौसम साफ रहा। धूप निकलने के बाद लोग धूप सेंकते नजर आए।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि पिछले दो दिनों से मौसम में परिवर्तन देखा जा रहा है, जिसमें तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग, कुमारगंज अयोध्या द्वारा 9 जनवरी 2026 को जारी आंकड़ों के अनुसार, अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 94 प्रतिशत और न्यूनतम 79 प्रतिशत रही। हवा की गति 3.0 किलोमीटर प्रति घंटा और दिशा उत्तरी-पश्चिमी थी।
विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में बदली या कोहरा छाए रहने की संभावना है। औसत तापमान सामान्य से नीचे रहेगा और हवा सामान्य गति से पश्चिमी चलेगी। इससे अभी शीतलहर के प्रकोप से तुरंत निजात मिलने की संभावना नहीं है।
Zaman Times