सीतापुर के गोंदलामऊ विकास खंड की साधन सहकारी समिति समसापुर में यूरिया की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। किसानों की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए समिति के सचिव प्रभाकर बाजपेई और चौकीदार रामखेलावन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बताया जाता है कि गुरुवार सुबह करीब 5 बजे चौकीदार रामखेलावन 9 बोरी यूरिया अवैध रूप से ले जा रहा था। ग्रामवासी महादेव सिंह ने समिति के पास डाले में यूरिया की बोरियां पकड़ीं। वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार और एआर सहकारिता नवीन चंद्र शुक्ला ने शुक्रवार को समिति पहुंचकर जांच की। रघुनाथपुर तेंदुआ गांव के किसानों महादेव सिंह, आकाश सिंह, मोनू सिंह, गंगाराम सिंह, राम सिंह, प्रवीण सिंह और हरिबक्श सिंह ने अपने बयान दर्ज कराए।
किसानों का आरोप है कि समिति स्तर पर लंबे समय से खाद की अवैध बिक्री हो रही है। इससे वास्तविक किसानों को खाद के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। एडीओ सहकारिता मिश्रिख अजीत कुमार ने संदना थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार कटिया ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
किसानों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। मौके पर एसडीएम मिश्रिख शैलेन्द्र कुमार मिश्रा, एडीओ सहकारिता अनिल कुमार शुक्ला, एडीओ एजी गोंदलामऊ प्रमोद सोलंकी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Zaman Times