हरदोई में बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत।
हरदोई में एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। पिहानी-शाहाबाद मार्ग पर अहेमी चौराहा के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के गाजीपुर निवासी रोशन लाल किसानी का काम करते थे। मंगलवार की शाम को वह अहेमी चौराहे की बाजार से खरीदारी कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गए।
सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल रोशन लाल को सीएचसी पिहानी ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज हरदोई और फिर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में काकोरी के पास देर रात उनकी मौत हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश में जुटी है।
Source Agency News
Zaman Times