Indian Premier League 2026 के बीच BCCI ने सभी 10 टीमों के खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और फ्रेंचाइजी अधिकारियों के लिए नई सख्त गाइडलाइन्स जारी की हैं। सात पन्नों की इस एडवाइजरी में सुरक्षा, अनुशासन और गोपनीयता को लेकर कई अहम नियम शामिल किए गए हैं। खास तौर पर खिलाड़ियों को “हनी ट्रैप” से सावधान रहने की सलाह दी गई है।
क्या होता है हनी ट्रैप?
हनी ट्रैप ऐसी चाल होती है, जिसमें किसी व्यक्ति को प्यार, दोस्ती या शारीरिक आकर्षण के जरिए फंसाकर उससे गोपनीय जानकारी हासिल की जाती है। कई मामलों में आरोपी व्यक्ति भरोसा जीतने के बाद निजी फोटो, वीडियो या संवेदनशील जानकारी लेकर ब्लैकमेल भी कर सकता है।
BCCI ने खिलाड़ियों और स्टाफ को चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों से उनकी निजी जिंदगी, करियर और टीम की छवि को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही सेक्सुअल मिसकंडक्ट जैसे गंभीर आरोपों का खतरा भी बढ़ सकता है।
BCCI की नई गाइडलाइन्स के प्रमुख नियम
- किसी भी बाहरी व्यक्ति को टीम मैनेजर की लिखित अनुमति के बिना खिलाड़ी या स्टाफ के होटल रूम में जाने की इजाजत नहीं होगी।
- खिलाड़ी और स्टाफ अपने मेहमानों से केवल तय किए गए कॉमन एरिया में ही मिल सकेंगे।
- होटल से बाहर जाने से पहले खिलाड़ियों और स्टाफ को SLO या TIO को सूचित करना जरूरी होगा।
- खिलाड़ियों की मूवमेंट का रिकॉर्ड रखा जाएगा और जरूरत पड़ने पर BCCI ऑपरेशंस टीम को जानकारी देनी होगी।
- मैच के दौरान टीम मालिक या उनका स्टाफ बिना विशेष अनुमति के डगआउट या प्लेइंग एरिया में खिलाड़ियों से बात नहीं कर सकेगा।
- सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों को स्टेडियम, होटल और अभ्यास सत्र के दौरान हमेशा अपना एक्रेडिटेशन कार्ड पहनना होगा।
- फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों और स्टाफ को सभी प्रोटोकॉल की स्पष्ट जानकारी देना अनिवार्य किया गया है।
- ड्रेसिंग रूम, होटल, डगआउट और प्रैक्टिस एरिया में वेप, सिगरेट और अन्य प्रतिबंधित चीजों के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रहेगी।
प्लेऑफ से पहले बढ़ाई गई सख्ती
IPL 2026 अब प्लेऑफ चरण की ओर बढ़ रहा है और 50 मुकाबले खेले जा चुके हैं। ऐसे समय में BCCI किसी भी विवाद, सुरक्षा खतरे या अनुशासनहीनता से बचना चाहता है। इसी वजह से खिलाड़ियों की सुरक्षा और लीग की छवि बनाए रखने के लिए ये नए नियम लागू किए गए हैं।
Zaman Times