दिल्ली में सोमवार (10 नवंबर) को हुए भीषण कार धमाके के बाद राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों के अलर्ट जारी करने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने लाल किला तीन दिनों के लिए आम जनता के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।
धमाके में नौ लोगों की मौत और कई अन्य घायल हुए थे। सुरक्षा कारणों से लिए गए इस फैसले के दौरान लाल किले और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। पुलिस, एनएसजी और फॉरेंसिक टीमें मौके पर मौजूद हैं और हर संदिग्ध गतिविधि की जांच जारी है।
गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमाका एक कार में रखे विस्फोटक पदार्थ से हुआ था, जिसे संदिग्ध व्यक्ति से जोड़ा जा रहा है।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में यूएपीए (UAPA) के तहत केस दर्ज किया है और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां दिल्ली, एनसीआर, मुंबई और यूपी में हाई अलर्ट पर हैं।
एएसआई ने लोगों से अपील की है कि वे अगले तीन दिनों तक लाल किला परिसर के आसपास न जाएं। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद स्मारक को दोबारा खोला जाएगा।
Zaman Times