Breaking News

शारदा सिन्हा के निधन पर पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार समेत कई नेताओं ने जताया शोक

 

Image Source : X@NARENDRAMODI
पीएम मोदी के साथ शारदा सिन्हा। फाइल फोटो

नई दिल्लीः मशहूर लोक गायिका शारदा सिन्हा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जताया है। इनके अलावा कई अन्य नेताओं ने भी एक्स हैंडल पर ट्वीट कर शारदा के निधन पर दुख जताया है। एक्स हैंडल पर पीएम मोदी ने लिखा, सुप्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है।

मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ 

पीएम मोदी ने कहा कि शारदा के गाए मैथिली और भोजपुरी के लोकगीत पिछले कई दशकों से बेहद लोकप्रिय रहे हैं। आस्था के महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीतों की गूंज भी सदैव बनी रहेगी। उनका जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं।

वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोक गायिका शारदा सिन्हा के निधन पर बयान जारी किया है। सीएम नीतीश ने कहा कि पद्म श्री और पद्म भूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि बिहार कोकिला शारदा सिन्हा मशहूर लोक गायिका थी। उन्होंने मैथिली, बज्जिका, भोजपुरी के अलावे हिन्दी गीत भी गाये थे। उन्होंने कई हिन्दी फिल्मों में भी अपनी मधुर आवाज दी थी।

संगीत जगत में उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने 1991 में पद्मश्री और 2018 में पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित किया था। स्व० शारदा सिन्हा के छठ महापर्व पर सुरीली आवाज में गाए मधुर गाने बिहार और उत्तर प्रदेश समेत देश के सभी भागों में गूंजा करते हैं। उनके निधन से संगीत के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

अमित शाह ने भी जताया शोक

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी शारदा सिन्हा के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अपनी मधुर आवाज़ से पांच दशकों से अधिक समय तक भारतीय संगीत को नई ऊंचाई देने वाली शारदा सिन्हा के निधन से अत्यंत दुःखी हूं। बिहार कोकिला के रूप में प्रसिद्ध शारदा सिन्हा जी ने मैथिली और भोजपुरी लोकगीतों को जन-जन का कंठहार बनाया और पार्श्व गायिका के रूप में फिल्म जगत को मंत्रमुग्ध करतीं रहीं। पूर्वांचल के लोक संस्कार उनकी आवाज़ के बिना अधूरे लगते हैं। इस छठ महापर्व पर उनका स्वर भक्तों को निश्चय ही और भी भावुक करेगा।

डिप्टी सीएम समेत कई नेताओं ने जताया शोक

बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार की स्वर कोकिला शारदा सिन्हा का निधन बिहार की लोक संस्कृति और विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है। छठ का महापर्व उनके गीतों के बिना अधूरा है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान दें।

वहीं, जेडीयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि शारदा का निधन बहुत दुखद है… यह कैसा संयोग है कि ‘छठी मैया’ के गीत को देश के घर-घर तक पहुंचाने वाली गायिका ने ‘नहाय खाय’ के अवसर पर अंतिम सांस ली। उधर, आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी का कहना है कि सुप्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने लोक गायन में देश में अपनी अमिट छाप छोड़ी। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले।

Source Agency News

About Zaman-Admin

Check Also

पुराने केसों के सिलसिले में A. Revanth Reddy ने नांपल्ली कोर्ट में लगाई हाजिरी

  तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी हैदराबाद स्थित नामपल्ली की प्रजा प्रतिनिधि विशेष अदालत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *