एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मैच को रद्द करने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। यह याचिका चार लॉ छात्रों के एक समूह ने दायर की है, जिसकी अगुवाई उर्वशी जैन कर रही हैं। टी20 एशिया कप का यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है।
एडवोकेट स्नेहा रानी, अभिषेक वर्मा और मोहम्मद अनस चौधरी ने दलील दी कि पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के तुरंत बाद पाकिस्तान से मुकाबला करना राष्ट्र की गरिमा और भारतीय सैनिकों के बलिदानों का अपमान होगा।
याचिका में कहा गया है कि क्रिकेट को राष्ट्रीय हित, नागरिकों की सुरक्षा और सेना के शहीदों के बलिदान से ऊपर नहीं रखा जा सकता। याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में हस्तक्षेप करने और भविष्य में ऐसे मामलों को विनियमित करने के लिए राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम 2025 को जल्द लागू करने की मांग की है।
भारत-पाकिस्तान मैच को क्रिकेट का सबसे हाई-प्रोफाइल मुकाबला माना जाता है, और एशिया कप के शेड्यूल से पहले ही यह चर्चा में आ गया था। संसद में भी इस मैच को लेकर हंगामा हो चुका है। हालांकि सरकार ने हाल ही में नई नीति लागू की थी, जिसके तहत भारत को बहुपक्षीय टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की अनुमति होगी, लेकिन द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली जाएगी।
एशिया कप 2025 के अपने पहले मैच में भारत ने यूएई को 9 विकेट से हराया। इस मुकाबले में कुलदीप यादव ने 4 विकेट और शिवम दुबे ने 3 विकेट झटके।
Zaman Times