प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर दुनियाभर के नेताओं ने उन्हें बधाई दी. इस दौरान दुबई में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पीएम मोदी की तस्वीर से जगमगा उठी. बुर्ज खलीफा पर उन्हें “हैप्पी बर्थडे” लिखकर विश किया गया.
दुनियाभर के नेताओं ने पीएम मोदी को बधाई दी
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक सहित कई विश्व नेताओं ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.
पुतिन ने मोदी को बधाई देते हुए भारत और रूस के बीच साझेदारी को मजबूत करने में उनके “शानदार व्यक्तिगत योगदान” की सराहना की. क्रेमलिन की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि मोदी ने शासन प्रमुख के रूप में अपने कार्यों से देशवासियों का सम्मान अर्जित किया और वैश्विक मंच पर विशेष प्रभाव छोड़ा. उनके नेतृत्व में भारत ने सामाजिक, आर्थिक, विज्ञान और तकनीकी क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं.
डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को दी बधाई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी प्रधानमंत्री मोदी को फोन कर जन्मदिन की बधाई दी. उनकी यह बधाई द्विपक्षीय संबंधों में टैरिफ के मुद्दे पर पैदा हुए तनाव के बीच संबंध सुधारने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है. ट्रंप ने कहा कि मोदी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के प्रयासों में सहयोग के लिए उनका धन्यवाद किया.
नेतन्याहू और मेलोनी का संदेश
इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अच्छा मित्र बताया. उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत के लिए बहुत कुछ हासिल किया है और भारत-इजराइल की दोस्ती को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है.
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी बधाई देते हुए मोदी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की. उन्होंने लिखा कि मोदी की शक्ति, उनका दृढ़ संकल्प और लाखों लोगों का नेतृत्व करने की क्षमता प्रेरणा का स्रोत है. मेलोनी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और ऊर्जा की कामना की ताकि वह भारत को उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जा सकें और दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत कर सकें.
Zaman Times