भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस मौके पर उन्हें कई चर्चित हस्तियों ने बधाई दी. प्रमुख आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भी पीएम मोदी को अपने अंदाज में शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि देश में जितने भी प्रधानमंत्री हुए, वे सभी आदर के योग्य हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी एक विलक्षण प्रतिभा के स्वामी हैं. नरेंद्र मोदी जी की तुलना किसी से नहीं की जा सकती है.
उन्होंने आगे कहा कि प्राचीन काल में भी बहुत से सम्राट और राजा हुए, लेकिन जैसे किसी राजा की तुलना ‘राजा राम’ से नहीं की जा सकती और किसी सम्राट की तुलना ‘सम्राट विक्रमादित्य’ से नहीं की जा सकती, उसी तरह किसी भी प्रधानमंत्री की तुलना ‘पीएम मोदी’ से नहीं की जा सकती है. आध्यात्मिक, धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक और वैज्ञानिक, किसी भी क्षेत्र में नरेंद्र मोदी जी परिपक्व नजर आते हैं.
लोगों के दिलों पर राज करते हैं पीएम मोदी: आचार्य
उन्होंने कहा, ‘जब पीएम मोदी किसी मंदिर में जाते हैं तो उनका व्यवहार हर किसी को प्रभावित करता है. किसी भी विषय को ले लीजिए, फिर चाहे किसानों की बात आए या जवानों की बात आए, शहीदों को सम्मान देने की बात आए, पीएम मोदी लोगों के दिलों पर राज करते हैं.’
‘तुमने जीते हैं देश तो क्या, हमने दिलों को जीता है’, इस कहावत को दोहराते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि मुझे लगता है कि वो लोगों के दिलों पर राज करते हैं. प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ एपिसोड को लेकर उन्होंने कहा कि उनके ‘मन की बात’ कार्यक्रम ने लोगों को काफी प्रभावित किया है और लोग उन्हें सुनना पसंद करते हैं.
नरेंद्र मोदी पर विशेष दैवीय कृपा
प्रमोद कृष्णम ने कहा कि पीएम मोदी जैसा मित्र किसी का नहीं हो सकता. उन्होंने बताया कि जब वे प्रधानमंत्री से मिले थे तो उन्होंने उन्हें अपना बना लिया. उनका मानना है कि नरेंद्र मोदी अद्भुत और विलक्षण हैं. भले ही वे भाजपा के सदस्य नहीं हैं, लेकिन उन्होंने नरेंद्र मोदी जी को अपनाया है और यह सारी बातें अपने अनुभव से कही हैं.
उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी पर विशेष दैवीय कृपा है, क्योंकि उन्होंने जितने बड़े-बड़े फैसले पलभर में किए, यह कोई साधारण व्यक्ति नहीं कर सकता. प्रधानमंत्री जी पूजा, पद्धति और कर्मकांड में निपुण हैं.
Zaman Times