Breaking News

फैक्ट्री में तीन मजदूरों की मौत पर हड़कंप:गणपति एग्री बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री के डीजल टैंक में उतरे थे मजदूर, बेसुध होकर गिरे


बाराबंकी में गणपति एग्री बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री के टैंक में उतरे तीन मजदूर बेसुध होकर गिर गए। उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन मजदूरों की मौत से फैक्ट्री में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री का काम धाम रुक गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। कुछ ही देर में घटना की खबर आग की तरह फैल गई और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेने लगा। देवा मार्ग अंतर्गत भटेहटा गांव स्थित गणपति एग्री बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री के परिसर में एक ओर राइस मिल तो कुछ ही दूरी पर मुर्गी दाना बनाने का भी प्लांट बना हुआ है। शाम को इस कारखाने में डीजल का टैंकर आया था। भूमिगत टैंक में डीजल डालने से पहले इसकी सफाई के लिए कहा गया। इस काम के लिए तीन मजदूर लगाए गए। इनमें जहांगीराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के रहने वाले नीलेश 22 पहले उतरा, काफी देर तक उसके बाहर न आने पर थाना क्षेत्र के ग्राम कुटी निवासी सुनील 30 टैंक में उतर गया। दोनों के बाहर न आने पर अंबेडकरनगर जिला थाना प्रतापगढ़ ग्राम कटघरा निवासी धर्मेन्द्र भी टैंक में उतर गया। जब काफी देर तक तीनों की वापसी नहीं हुई तो अन्य साथी मौके पर एकत्र हो गए। उन्हें अनहोनी का एहसास हुआ तो सुरक्षा के उपाय अपनाते हुए नीचे उतरे। जहां पर उन्होंने देखा कि तीनों मजदूर बेसुध पड़े हुए थे। उन्हें एक-एक कर तीनों को बाहर निकाला गया। आनन फानन में तीनों को अन्य साथी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा ले गए, जहां पर डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। फैक्ट्री में तीन मजदूरों की मौत से फैला हड़कंप एक साथ तीन मजदूरों की मौत से फैक्ट्री में हड़कंप मच गया। काम धाम रुक गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। कुछ ही देर में घटना की खबर आग की तरह फैल गई और सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी चरंजीव नाथ सिन्हा, एसडीएम सदर आर.जगत साईं, सीओ फतेहपुर, रामनगर, नगर के अलावा जहांगीराबाद, देवा, फतेहपुर, कुर्सी और रामनगर समेत कई थानों के प्रभारी व पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गए। वहीं, जहांगीराबाद क्षेत्र के रहने वाले मजदूरों के परिजन भी पहुंच गए, उनमें कोहराम मच गया। जबकि अंबेडकरनगर जिले के रहने वाले मजदूर के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। तीनों मृतक मजदूरों का देर रात पोस्टमार्टम कराया गया। साथ ही घटना की जांच पड़ताल जारी थी। बाराबंकी के अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि फैक्ट्री में बने टैंक में डीजल स्टोर किया जाता था। जिसमें एक के बाद एक उतरे तीन लोगों की मौत हुई है।

Source Agency News

About Zaman-Admin

Check Also

गुरु में अडिग आस्था: बटुकों ने जताया भरोसा, शंकराचार्य मठ में लौटी रौनक

  प्रयागराज के माघ मेले के बाद काशी के श्री विद्या मठ में रहने वाले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *