Breaking News

भारत-नेपाल सीमा पर अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार, बिना वैध दस्तावेज नेपाल में घुसने की कोशिश

 

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक अमेरिकी नागरिक को बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश करते हुए हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई सोनौली थाना क्षेत्र के मैनिहवा इलाके में नियमित गश्त के दौरान की गई।

पूछताछ में व्यक्ति ने अपनी पहचान 36 वर्षीय जॉर्डन ब्राउन, निवासी कैलिफोर्निया (अमेरिका) के रूप में बताई। प्रारंभिक जांच में उसके पास कोई वैध पासपोर्ट, वीजा या अन्य यात्रा संबंधी दस्तावेज नहीं मिले।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान जॉर्डन ब्राउन ने दावा किया कि वह पहले पर्यटन वीजा पर थाईलैंड गया था, जहां उसका पासपोर्ट खो गया। इसके बाद वह समुद्री मार्ग से श्रीलंका पहुंचा और वर्ष 2025 में भारत में प्रवेश कर गया। उसने यह भी बताया कि वह पिछले कई महीनों से गोवा में रह रहा था और बाद में नेपाल जाने की कोशिश कर रहा था।

महाराजगंज पुलिस का कहना है कि आरोपी द्वारा किए गए सभी दावों का सत्यापन किया जा रहा है। फिलहाल उसके खिलाफ बिना वैध दस्तावेजों के भारत में प्रवेश और यात्रा संबंधी नियमों के उल्लंघन के आरोप में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस और अन्य एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह भारत में इतने समय तक कैसे रहा और उसके यात्रा संबंधी दावों में कितनी सच्चाई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

About Zaman-Admin

Check Also

सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ से पहले पीएम मोदी ने आतंकवाद पर दिया बड़ा संदेश

  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 27 सितंबर 2026 को प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *