Breaking News

पूरे उत्तर भारत में पारा 5 डिग्री तक पहुँचने का खतरा, यूपी, दिल्ली और बिहार में कड़ाके की ठंड पर IMD ने चेतावनी जारी

 

उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड के साथ शीतलहर भी देखने को मिल रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी. राजस्थान के कुछ हिस्सों में भीषण ठंड दर्ज की गई है. वहीं उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड में भयंकर ठंड का दौर जारी है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है.

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में तापमान 5 से 10 डिग्री के बीच बना हुआ है. यूपी, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही.

दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसी को देखते हुए कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है. सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है.

यूपी में हाड़ कंपा देने वाली ठंड
पहाड़ों में बर्फबारी के कारण पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं. पूरे प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली ठंड जारी है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के 25 शहरों में आज शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा. इसके अलावा हवाएं भी चलेंगी. लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी, कानपुर, चित्रकूट समेत ज्यादातर जिलों में आज घना कोहरा देखने को मिलेगा. शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कोहरा कम हो सकता है.

लखनऊ में बुधवार को दिन में ठिठुरन के आगे धूप भी फीकी रही. धूप खिलने से दिन के पारे में कुछ बढ़त हुई, लेकिन ठंडी हवाओं के असर से गलन बरकरार रही. दिन का पारा 16.6 डिग्री सेल्सियस और रात का पारा 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गुरुवार को शहर में मध्यम कोहरा छाने के साथ कोल्ड डे की स्थिति बरकरार रहेगी.

बिहार में पाला गिरने की संभावना
बिहार में ठंड और कोहरे का कहर जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक आज राजधानी पटना समेत अधिकतर जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा और पाला भी गिरने की संभावना है. इस कारण लोगों को गलन वाली ठंड का एहसास होगा. बिहार में नेपाल के पहाड़ी इलाकों और मैदानी इलाकों के तराई क्षेत्रों में मौसम काफी गहराता दिख रहा है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह पटना, गया, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और सहरसा में कोल्ड की स्थिति रहने का अनुमान है.

About Zaman-Admin

Check Also

पुराने केसों के सिलसिले में A. Revanth Reddy ने नांपल्ली कोर्ट में लगाई हाजिरी

  तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी हैदराबाद स्थित नामपल्ली की प्रजा प्रतिनिधि विशेष अदालत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *